लेखनी प्रतियोगिता -01-May-2023 पिंजरे से आजादी
चार भाइयों में वर्षा अकेली बहन थी। चारों भाई वर्षा का पालन पोषण बड़े लाड प्यार से कर रहे थे। वर्षा के चारों भाई बहुत भोले वाले सीधे साधे सच्चे दिल के इंसान थे।
वर्षा के भाइयों का रोजगार गाय भैंस का दूध बेचना था। उसके चारों भाई बहुत शक्तिशाली और मजबूत शरीर के थे।
लेकिन गांव का कोई भी कमजोर से कमजोर व्यक्ति उनको डरा धमका देता था तो वह छोटे बच्चे जैसे कांपने लगते थे।
इसलिए डर की वजह से चारों भाइयों ने अपने घर की खिड़की दरवाजे लोहे के लगा रखे थे,और रात को घर के दरवाजे पर लोहे के बड़े-बड़े ताले लगाकर सोते थे।
कभी कबार उनके घर के आसपास कुत्ते तेज तेज भागते थे तो वह चारों भाई आपस में बात करते थे कि शायद हमारे घर के आस-पास चोरों का झुंड घूम रहा है।
और इस डर की वजह से चारों भाई कभी किसी कमरे में छुप जाते थे और कभी किसी कमरे में इसी तरह वह पूरी रात बिता देते थे।
वर्षा के चारों भाइयों को अपने गांव के अलावा दीन दुनिया की बहुत कम जानकारी थी।
वर्षा जब अपने स्कूल का होमवर्क करती थी तो अपने चारों अनपढ़ भाइयों को भी कॉपी पेंसिल देकर गिनती पहाड़े और हिंदी पढ़ना लिखना सिखाती थी।
उस समय चारों भाई पढ़ते पढ़ते नींद के झोंके लेने लगते थे।
उस समय वर्षा सोचती थी कि अगर किसी समय कभी मेरे भाइयों को कोई मक्कार आदमी मिल गया तो वह इन्हें आसानी से बेवकूफ बनाकर किसी बड़ी मुसीबत में फंसा देगा।
वर्षा के मन में जब भी यह बात आती थी, तो वह बहुत चिंतित हो जाती थी।
इसलिए वर्षा अपनी तरफ से कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहती थी अपने भाइयों को दुनियादारी की समझ देने की।
जब कोई व्यक्ति इन लोगों को पसंद करके इनके लिए शादी का रिश्ता लाता था तो यह चारों भाई उसे उल्टा डांट कर कहते थे कि "पहले हम अपनी छोटी बहन की शादी करेंगे।"
इन चारों भाइयों की शादी के अच्छे रिश्ते ठुकराने की बात दूर दूर तक मशहूर हो गई थी। इसलिए इनके शादी के रिश्ते आना बंद हो गए थे। वर्षा को इस बात का भी बहुत दुख रहता था।
एक दिन इन लोगों के आस पड़ोस में एक व्यक्ति नया टीवी खरीद कर लाता है। और रात होने पर वह व्यक्ति अपना नया टीवी एक टेबल पर रख कर चला देता है।
उस दिन चारों भाई बहुत खुशी से उस व्यक्ति के आंगन में अपनी चारपाई बिछाकर टीवी पर फिल्म देखते हैं।
और टीवी पर फिल्म देखने का पूरा आनंद उठाते हैं। पिक्चर खत्म होने के बाद टीवी का मालिक टीवी को समाचार के चैनल पर लगा देता है।
समाचार में पूरे दिन की अपराधिक घटनाएं दिखाते हैं और एक लड़की के साथ दर्दनाक घटना भी दिखाते हैं।
टीवी पर समाचारों में अपराधिक घटनाएं और उस लड़की के साथ दर्दनाक अपराधिक घटना देकर चारों भाई डर से कांपने लगते हैं।
और उसी समय चारों भाई डर से कांपते हुए अपनी चारपाई वहां से उठाकर अपने घर आ जाते हैं।
और अपनी बहन वर्षा से बार-बार कहते हैं कि "तू कभी भी गांव से बाहर अकेले मत जाइयो।"
और चारों भाई आपस में कहते हैं कि "आज के बाद हम अपने गांव और घर में ऐसा जीवन बिताएंगे जैसे पिंजरे में पक्षी बिताता है।"
वर्षा अपने चारों भाइयों की यह बात सुनकर
पहले से ज्यादा चिंतित होने लगती है।
और धीरे-धीरे वर्षा पढ़ते-पढ़ते 12वीं कक्षा पास कर लेती है।
वर्षा अपने चारों भाइयों को बताना चाहती थी कि जब पक्षी पिंजरे से आजाद होता है तो उसे उसका जीवन कितना खूबसूरत लगता है। इसलिए वर्षा गांव से दूर शहर में कॉलेज में दाखिला ले लेती है।
चारों भाइयों को जब पता चलता है कि अब वर्षा गांव से दूर शहर में कॉलेज में पढ़ने जाएगी तो चारों भाई डर से कांपने लगते हैं।
वह चारों भाई वर्षा को शहर के कॉलेज में जाने से रोकने के लिए बार-बर समाचारों की वह खबर सुनाते हैं, जिसमें एक लड़की के साथ बहुत दर्दनाक घटना हुई थी।
लेकिन चारों भाई अपनी बहन वर्षा की जींद के आगे हार मान लेते हैं। लेकिन फिर भी वह वर्षा के सामने एक शर्त रख देते हैं कि हम चारों भाई तुझे कॉलेज छोड़ने जाएंगे और लेने जाएंगे।
और वर्षा के मन की यह इच्छा पूरी हो जाती है कि उसके भाई गांव से बाहर निकल कर दुनिया देखे जिससे कि उनके अंदर का डर खत्म हो जाए।
चारों भाई एक पालकी में वर्षा को बिठाकर भागते हुए छोड़ने जाते थे और पालकी से ही भागते हुए घर लेकर आते थे।
एक दिन एक फिल्म डायरेक्टर की नजर चारों भाइयों पर पड़ती है तो उसे उन चारों का चरित्र बहुत अनोखा लगता है।
वह डायरेक्टर इनके जीवन की पूरी जानकारी लेकर इन चारों के साथ एक फिल्म बनाता है। और वह फिल्म सुपरहिट होने के बाद यह चारों रातों-रात सुपरस्टार बन जाते हैं।
अपनी छोटी बहन वर्षा के प्रयत्नों से यह चारों भाई गांव के पिंजरे से निकल कर दुनिया के साथ खुशी से जीने लगते हैं।
Saroj Verma
02-May-2023 04:15 PM
👌👌👌👌
Reply
Abhinav ji
02-May-2023 08:56 AM
Very nice
Reply
Mohammed urooj khan
01-May-2023 11:16 PM
👌👌👌👌
Reply